24 घंटे में अपहरण कांड का खुलासा: गिरिडीह पुलिस ने युवक को सकुशल छुड़ाया, पांच अपराधी गिरफ्तार

Advertisements

24 घंटे में अपहरण कांड का खुलासा: गिरिडीह पुलिस ने युवक को सकुशल छुड़ाया, पांच अपराधी गिरफ्तार

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस ने तसलीम अंसारी अपहरण मामले का महज 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार बड़कीटांड़ पंचायत निवासी तसलीम अंसारी का रविवार दोपहर करीब दो बजे खंडोली के पास से मोटरसाइकिल समेत अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं द्वारा परिजनों से फिरौती की मांग की जा रही थी। घटना की सूचना रविवार शाम करीब 7:50 बजे इकबाल अंसारी ने पुलिस को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार के निर्देश पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी शाखा के सहयोग से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाईना मोड़ चुंजका जंगल क्षेत्र से अपहृत तसलीम अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने पीड़ित की मोटरसाइकिल के अलावा अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पीड़ित ने बताया कि अपराधियों ने 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जिसमें से 24 हजार रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से ट्रांसफर करवाए गए थे।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए राजा और जाफर उर्फ लल्लुआ नामक दो अन्य अपराधियों के शामिल होने की भी जानकारी दी है। फिलहाल दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस मामले में बेंगाबाद थाना कांड संख्या-87/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. सोहेल, मो. आदिल अंसारी, मो. समीर अंसारी, अफरीदी शाह एवं इरशाद अंसारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मो. आदिल अंसारी और मो. समीर अंसारी का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top