विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधाओं व मानकों को लेकर एसडीओ ने किया कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों की निगरानी तेज कर दी है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को शहर के कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर नियमों और निर्धारित मानकों की जांच की।
एसडीओ ने विक्रमादित्य क्लासेस, दशरथ मैथेमेटिक्स क्लासेस, राजीव क्लासेस और एक्साम गाइडेंस सहित अन्य कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थानों के पंजीकरण, विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों एवं ट्यूटर्स से संबंधित अभिलेख, कक्षाओं की व्यवस्था और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान अध्ययन सामग्री, सुरक्षा इंतजाम, अग्निशमन व्यवस्था तथा विद्यार्थियों की सुविधा से जुड़े अन्य मानकों को भी देखा गया। अधिकारियों ने संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज और अभिलेख अद्यतन रखने तथा कोचिंग सेंटर का संचालन झारखंड कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) अधिनियम, 2025 के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार करने का निर्देश दिया।
एसडीओ ने कहा कि कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनके हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संस्थानों को शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा मानकों पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का उद्देश्य किसी विशेष संस्थान को प्रभावित करना नहीं, बल्कि जिले के सभी कोचिंग संस्थानों में समान रूप से नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी कोचिंग संस्थान संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराएं।