
विधानसभा में उठा कोलकाता की फैक्ट्री में फंसी धनबाद की 95 महिला मजदूरों का मुद्दा
सरकार त्वरित कार्रवाई कर फंसी हुई महिला कामगारों को सुरक्षित वापस मंगाए : बबलू महतो
डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सिंदरी के विधायक चंद्रदेव उर्फ बबलू महतो ने कोलकाता की एक फैक्ट्री में फंसी धनबाद जिले की 95 महिला कामगारों का मामला शून्यकाल में उठाया। विधायक महतो ने राज्य सरकार से सभी महिला मजदूरों को अविलंब सकुशल वापस लाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के रामचंद्रपुर स्थित एक्सडस नाइट प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में धनबाद जिले के विभिन्न गांवों की 95 महिलाएं लगभग दो वर्षों से मजदूरी कर रही हैं। मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर स्थानीय मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया है और फैक्ट्री में हड़ताल कर दी। इस दौरान धनबाद से गई सभी महिला मजदूर करीब दो सप्ताह से फैक्ट्री के अंदर फंसी हुई हैं।
विधायक चंद्रदेव महतो ने सरकार से त्वरित कार्रवाई कर फंसी हुई महिला कामगारों को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है। बताया जा रहा है कि फंसी हुई अधिकांश महिलाएं धनबाद जिले के निरसा विधानसभा क्षेत्र की निवासी हैं।
विधायक महतो ने सदन में कहा कि, “महिलाएं कई दिनों से मुश्किल हालात में हैं। सरकार को अविलंब हस्तक्षेप कर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए।”
इस मुद्दे के सदन में उठने के बाद सरकार से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।