
विधानसभा अध्यक्ष ने किया हिंदी साझा काव्य संकलन “रविरथी” का विमोचन
डीजे न्यूज, रांची: विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने बुधवार को विधानसभा भवन में हिंदी साझा काव्य संकलन ‘रविरथी’ का विमोचन किया। देवघर के युवा कवि रवि शंकर साह के कुशल संपादन व खोरठा के मशहूर गीतकार विनय तिवारी के सह संपादन में रविरथी का प्रकाशन हुआ है। अध्यक्ष ने कहा कि कविता साहित्य की एक विद्या है। कविता कवि की सौन्दर्यानुभूति की अभिव्यक्ति है। झारखण्ड के कवि व लेखक अपनी रचनाओं से राज्य का नाम रोशन कर रहे है। झारखण्ड में प्रतिभाओं की कमी नही है। चाहे खेल हो, संगीत हो, सिनेमा हो या साहित्य, हर क्षेत्र में यहां के लोग अव्वल आते है। सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह विधायक मथुरा महतो ने कहा कि कविता लिखते समय जिस भाव के साथ लिखी जाती है, यदि पढ़ने वाला भी उसे उसी अर्थ और भाव के साथ समझ सके तो कविता लिखने का उद्देश्य सार्थक हो जाता है। संपादक रवि शंकर साह ने बताया कि रवि रथी एक साझा काव्य संग्रह है। यह 15 रचनाकारों की कुल 75 मार्मिक कविताओं से सुसज्जित है। इस संग्रह में झारखण्ड के नए – पुराने रचनाकार शामिल हैं। इसका प्रकाशन साहित्य समागम भारत के बैनर तले प्राची डिज़िटल पब्लिकेशन, मेरठ के द्वारा प्रकाशित किया गया है। यह अद्वितीय काव्य संग्रह पाठकों को अवश्य पसंद आएगा। सह संपादक विनय ने कहा कि इस काव्य संग्रह की सभी कविताएं पठनीय व संग्रहनीय है। कविता में लय है, ताल है, आनन्दमय दोहराव है। इस अवसर पर मैं हूँ झारखण्ड के लेखक देव कुमार, इस संग्रह के सह रचनाकार मो0 फिरोज आलम, युवा नेता रुपेश तिवारी, सौरभ तिवारी, अर्जुन महतो, राजेश महतो, इकरामूल हक आदि उपस्थित थे।