वीरेंद्र नायक मौत में पत्नी, उसके मित्र समेत आठ के खिलाफ गोविंदपुर थाने में हत्या की शिकायत 

Advertisements

वीरेंद्र नायक मौत में पत्नी, उसके मित्र समेत आठ के खिलाफ गोविंदपुर थाने में हत्या की शिकायत

डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : टुंडी थाना क्षेत्र के लोधरिया जंगल में पेड़ से लटकता मिला वीरेंद्र नायक का शव मामले में मृतक के पिता लखन नायक ने गोविंदपुर थाना में हत्या की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बोकारो जिले के पेटरवार थाना अंतर्गत खेतको टोला, बिरचुवां गांव निवासी लखन नायक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके 28 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र नायक की हत्या की गई है। आवेदन में उन्होंने मृतक की पत्नी बालिका कुमारी, ससुर सुधीर महतो, ससुर के बड़ा का पुत्र, बालिका कुमारी के मित्र, सास फुलवा देवी, साला, सरहज तथा अन्य दो लोगों को आरोपी बनाया है।

प्राथमिकी में कहा गया है कि वीरेंद्र नायक की शादी करीब डेढ़ माह पूर्व गोविंदपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी सुधीर महतो की पुत्री बालिका कुमारी के साथ हुई थी। गत शनिवार को वह अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल गया था। आरोप है कि रविवार को वीरेंद्र ने अपनी बड़ी बहन फूल कुमारी को मोबाइल पर बताया था कि उसकी पत्नी ससुराल जाने को तैयार नहीं है। इसके बाद उसने पुनः फोन कर बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

आवेदन के अनुसार इसके बाद परिजनों का वीरेंद्र से संपर्क नहीं हो सका। बाद में पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर टुंडी थाना क्षेत्र के लोधरिया जंगल से उसका शव बरामद किया। मृतक के पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया।

गोविंदपुर पुलिस ने लखन नायक के आवेदन के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top