



टुंडी कर्माटांड़ के समीप ग्रामीणों ने अवैध पत्थर लदा जेसीबी और ट्रैक्टर पकड़ा

वन विभाग को सौंपा, विभाग कर रहा कार्रवाई
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी मुख्यालय से सटे कर्माटांड़ के पास वन क्षेत्र में गुरुवार देर रात ग्रामीणों ने अवैध पत्थर उत्खनन करते हुए एक जेसीबी और पत्थर लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों वाहनों को घंटों तक घेरकर रखा और सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम को सौंप दिया। वन विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। टुंडी मुख्यालय से सटे कर्माटांड़ के समीप वन क्षेत्र में गुरुवार की देर रात अवैध पत्थर उत्खनन का खेल पकड़ा गया। ग्रामीणों ने सफेद पत्थरों की खुदाई में लगी एक जेसीबी तथा पत्थर लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार रात के अंधेरे में जेसीबी के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा था और उत्खनित पत्थरों को ट्रैक्टर पर लोड कर अन्यत्र ले जाया जा रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए और दोनों वाहनों को घेरकर मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद वन विभाग के वरीय पदाधिकारी को सूचना दी गई। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों ने जेसीबी और ट्रैक्टर दोनों को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।
इस संबंध में टुंडी के रेंजर सह सहायक वन संरक्षक ए. मंजुल ने बताया कि वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन और पत्थर परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध पत्थर कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा है, जिसके चलते पर्यावरण और वन क्षेत्र को नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों की सक्रियता से गुरुवार की रात यह अवैध गतिविधि पकड़ी जा सकी।

