तिसरी में वज्रपात से बालक समेत दो की मौत, चार की हालत गंभीर
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी में दो अलग-अलग स्थानों में बुधवार की शाम को वज्रपात होने से एक बच्चा सहित दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का तिसरी और चंदौरी अस्पताल में इलाज करने के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में बताया गया कि चंदौरी निवासी तनेश्वर तुरी के 12 वर्षीय पुत्र अमन कुमार सहित स्व जोधी तुरी के 26 वर्षीय पुत्र राजू कुमार,स्व प्रीतम तुरी के 26 वर्षीय पुत्र नूनमनी कुमार चंदौरी के सकरी नदी के पास थे। तभी तेज आंधी के साथ वज्रपात हो गया जिसके चपेट में आने से अमन कुमार और नूनमनी तुरी की मौत हो गई है। वहीं इस घटना में राजू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जबकि दूसरी वज्रपात की घटना चंदौरी बगिया में घटी। जहां पर वज्रपात होने से चंदौरी की पूर्व मुखिया कर्मी देवी के पुत्र चंदन कुमार सहित प्रकाश रविदास के पुत्र चरण रविदास और बेलवाना गांव के निवासी आत्मज अंसारी के 28 वर्षीय पुत्र मो आफताब अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस बाबत बताया गया कि शाम में अचानक आंधी आ गई और वारिश होने लगी। वारिश से बचने के लिए आफताब अंसारी,चंदन कुमार और चरण रविदास बगिया स्थित एक खुले घर में चले गए। इसी दौरान वज्रपात हो गया जिसके चपेट में आने से उक्त तीनों घायल हो गए। इस घटना के बाद परिजनों द्वारा अमन कुमार और नूनमनी तुरी को आनन-फानन में तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां पर डॉक्टर द्वारा अमन और नूनमनी को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि आफताब अंसारी,चंदन कुमार,चरण रविदास,राजू तुरी को स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया है।