
तिसरी में पारिवारिक विवाद के बाद दंपति ने खाया जहर, पति की मौत, पत्नी गिरिडीह रेफर
सिंगराडीह गांव में घटी घटना, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
डीजे न्यूज, तिसरी (गिरिडीह) : गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगराडीह गांव में शनिवार को एक पारिवारिक विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया, जब एक दंपति ने कथित रूप से कीटनाशक (जहर) खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की पुष्टि तिसरी पुलिस ने की है। हालांकि, जहर खाने से मौत की मेडिकल पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बाबूलाल राय (58 वर्ष) और उनकी पत्नी रधिया देवी (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सिंगराडीह गांव के गुमगी टोला के निवासी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को घर में किसी घरेलू विवाद के बाद दोनों पति-पत्नी ने अपने घर के एक कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया और कीटनाशक का सेवन कर लिया।
कुछ समय बाद खेत से लौटी बहू सोनम देवी ने घर का दरवाजा बंद पाया। दरवाजा खोलने पर उसने दोनों को अचेत और तड़पती हालत में देखा। शोर मचाने पर ग्रामीण जमा हुए और तत्काल दोनों को तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बाबूलाल राय की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, रधिया देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। इलाज के दौरान उन्हें लगातार उल्टियां हुईं, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तिसरी पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और जहर खाने की परिस्थिति कैसे बनी।