तिलाटांड, केशलपुर व देवग्राम में गणेश पूजा की धूम
विधायक व सांसद ने टेका माथा, क्षेत्रवासियों के लिए मंगलकामना की
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): कतरास कोयलांचल के तिलाटांड शिव मंदिर स्थित मैदान, केशलपुर तथा देवग्राम में गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार को पूजनोत्सव का आयोजन किया गया। धनबाद सांसद ढुलू महतो तथा बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने फीता काटकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इसके बाद गणपति बप्पा के पट खोल कर पुजारी विनय पांडेय ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। संध्या में भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पूजा समिति के सदस्यों ने कहा कि भक्तिभाव से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करने से जीवन में सुख-समृद्धि एवं मंगल मय होती है।
समिति के सदस्य पंकज सिंह, सुमित रवानी, अंकित रवानी, हर्षित सिंह, पवन हजारी, सोनू हजारी, विवेक हजारी, रोशन रवानी, मनीष रवानी, अमित पासवान आदि के योगदान से पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
वहीं, केशलपुर रोड स्थित मैदान में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा पंडाल का उदघाटन धनबाद सांसद ढुलू महतो ने किया। इसके बाद गणपति बप्पा के पट खोलकर विधि विधान के साथ पूजन किया गया। मौके पर प्रदीप पांडेय, अजय साव, सोनी बर्मन, दीपक सोनी, बबलू बर्मन, अभिषेक साव, विकास केशरी, राहुल केशरी, पंकज केशरी, गणेश ठाकुर, रवि कशेरा, राजीव साव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कुमारजोरी पंचायत के देवग्राम (कुसमाटांड़) फुटबॉल मैदान में गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को विघ्नहर्ता की पूजा अर्चना विधि विधान के साथ किया गया। पुजारी सनोज पंडित तथा मनोज पंडित ने पूजन संपन्न कराई। पूजनोत्सव में पुण्य का भागी बनने ग्रामीणों की भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ विघ्ननाशक की पूजा की और सुख, शांति-समृद्धि की कामना की। श्री श्री गणेश पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित पूजनोत्सव में आकर्षक पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है।
इस पल का साक्षी बनने बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो पूजा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने भगवान गणेश के दरबार में माथा टेका और क्षेत्रवासियों के लिए मंगलकामना की। तीन दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन बुधवार को भंडारा का आयोजन किया जाएगा।