



थैलेसीमिया मरीजों के लिए एचएलए जांच सह जागरूकता शिविर का आयोजन
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला रेड क्रॉस सोसाइटी धनबाद में शनिवार को थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए एच.एल.ए. (ह्यूमन ल्यूकोसाइट एंटीजन) जांच सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर संजीव सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मेयर संजीव ने कहा कि थैलेसीमिया एक गंभीर आनुवांशिक बीमारी है, जिसके इलाज और प्रबंधन के लिए समय पर जांच, परामर्श और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर मरीजों और उनके परिवारों के लिए आशा की नई किरण लेकर आते हैं, क्योंकि इससे उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों से सही सलाह और बेहतर उपचार की दिशा मिलती है।
मेयर ने कहा कि एच.एल.ए. जांच बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत चिकित्सा प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण होती है, जो थैलेसीमिया के मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकती है। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि समाज और संस्थाओं को मिलकर इस तरह के प्रयासों को आगे बढ़ाना चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर मदद मिल सके।
कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने भी थैलेसीमिया के कारण, लक्षण और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा लोगों को समय-समय पर जांच कराने और जागरूक रहने की अपील की।
मेयर संजीव सिंह ने कार्यक्रम के आयोजकों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किया गया यह प्रयास समाज के कमजोर और जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।



