तेतुलमारी में अवैध खनन स्थल के मुहाने पर पलटा बीसीसीएल का डोजर, चालक ने कूदकर बचाई जान
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरास क्षेत्र के एकेडब्लूएमसी ओल्ड कांटा पहाड़ी में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब कार्य के दौरान बीसीसीएल का डोजर (संख्या 44, सीरियल नंबर 12101) अवैध उत्खनन के मुहाने पर पलट गया। यह घटना शुक्रवार प्रथम पाली में सुबह करीब 9 बजे हुई। डोजर चला रहे ऑपरेटर शंकर बाउरी ने खतरे को भांपते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना को लेकर कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, दबाव में काम कराए जाने के कारण ऐसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सबसे अहम सवाल यह है कि निजी कंपनी के कार्यस्थल पर बीसीसीएल का डोजर किस मकसद और किसकी अनुमति से भेजा गया था तथा उसे अवैध खनन के मुहाने पर कैसे लगाया गया।
इस मामले में परियोजना पदाधिकारी जयंत कुमार ने किसी भी तरह की घटना या दुर्घटना होने से इंकार किया है। घटना के संबंध में उनका पक्ष नहीं मिल पाया है। फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।