
तेलमोच्चो में पांच अप्रैल को मनेगा चूहाड़ विद्रोह के महानायक रघुनाथ का शहादत दिवस
डीजे न्यूज, महुदा (धनबाद) : तेलमोच्चो में बुधवार को शहीद रघुनाथ महतो स्मारक समिति की बैठक प्रदीप महतो की अध्यक्षता में हुई। भारत के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी व चूहाड़ विद्रोह के महानायक शहीद रघुनाथ महतो का शहादत दिवस पांच अप्रैल को मनाने का निर्णय लिया गया। समिति के संस्थापक सदस्य प्रदीप ने कहा कि शहादत दिवस पर प्रस्तावित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं को आमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी देते हुए कहा कि विधानसभा में शहीद रघुनाथ की प्रतिमा स्थापित करने का राज्य सरकार द्वारा लिया गया निर्णय स्वागतयोग्य है। समिति के सदस्य तिलकेश्वर महतो ने कहा कि शहीद रघुनाथ ने 1769 के आसपास जल, जंगल व जमीन की रक्षा के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद किया था। उन्होंने राजस्व व लगान वसूली का विरोध किया था। वह आज भी समाज के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए है। उनके दिखाए रास्ते को अपनाते हुए आगे बढ़ने की जरुरत हैं। मौके पर भोला चौहान, शत्रुघ्न चौहान, विजय कुमार महतो, सीताराम महतो, रतिलाल महतो, जितेन्द्र महतो, सुबल महतो, शिवाकर महतो, गंगाधर महतो, पूर्व मुखिया अरुण कुमार महतो, मनोज महतो, पार्वती चरण महतो, विजय महतो, नरेश प्रसाद महतो आदि मौजूद थे।