तालाब में नहाने गये मजदूर की डूबने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : प्रखंड क्षेत्र के मोहलीडीह गांव में गुरुवार को तालाब में नहाने गये 42 वर्षीय अनिल हांसदा की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अनिल
हांसदा मजदूरी कर अपनी पत्नी, बुजुर्ग मां और चार छोटे-छोटे बच्चों का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बताया जाता है कि अनिल हांसदा तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, यदि पोस्टमार्टम कराया जाता तो सरकारी प्रक्रिया के तहत आपदा प्रबंधन विभाग से मिलने वाले मुआवजे का लाभ परिवार को मिल सकता था। हालांकि, पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण अब मुआवजा मिलने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। मृतक के पीछे पत्नी, बुजुर्ग मां और चार छोटे बच्चों का परिवार है। परिजनों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों व मुखिया प्रतिनिधि संतलाल बाबा ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।