महिला फुटबॉल में दिखा दमखम, इनर व्हील सनशाइन ने रोटरी गिरिडीह को हराकर जीता खिताब
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सर्कस मैदान (बीटी फील्ड) में महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के उत्साह और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। रोटरी गिरिडीह की ओर से इनर व्हील क्लब गिरिडीह सनशाइन एवं श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के सहयोग से एक दिवसीय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंचीं राज्यस्तरीय महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमहापौर सुमित कुमार मौजूद रहे। प्रतियोगिता के तहत रोटरी गिरिडीह और इनर व्हील क्लब गिरिडीह सनशाइन के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए इनर व्हील क्लब गिरिडीह सनशाइन की टीम विजयी रही।
मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की खास उपलब्धि यह रही कि टूर्नामेंट के माध्यम से चयनित 20 महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आंध्र प्रदेश भेजा जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव मनीष वर्णवाल, इनर व्हील क्लब गिरिडीह सनशाइन की अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला, सचिव संगीता सिन्हा, कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर एवं झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव गुलाम रब्बानी, पूनम सहाय, कार्यक्रम संयोजक रवि चूड़ीवाला, शबाना रब्बानी, श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के लक्खी प्रसाद गौरीसारिया, प्रदीप डालमिया समेत रोटरी गिरिडीह और इनर व्हील क्लब गिरिडीह सनशाइन के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।