स्वच्छता का संदेश लेकर बच्चों ने संभाली कमान, स्कूल परिसर में चला सफाई अभियान
डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : देवरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकरुडीह में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई करने के साथ बच्चों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय के बाल संसद, स्वच्छता मंत्री एवं इको क्लब के सदस्यों ने समूह बनाकर विद्यालय अवधि शुरू होने से एक घंटे पूर्व परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। बच्चों को विद्यालय के प्रधानाध्यापक पप्पु कुमार ने सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करने तथा उसके उचित निस्तारण की जानकारी दी।
अक्टूबर में विद्यालय बंद रहने के कारण बच्चों ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को याद करते हुए स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। प्रधानाध्यापक पप्पु कुमार ने कहा कि स्वच्छता किसी जाति, समुदाय या धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे मानव समाज के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को विशेष महत्व दिया था। स्वच्छ वातावरण के साथ स्वच्छ मन और सकारात्मक सोच भी व्यक्ति के विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम के बाद बच्चों के बीच खीर और मिठाई का वितरण किया गया। मौके पर बाल संसद की प्रधानमंत्री सोनम कुमारी, स्वच्छता मंत्री प्रीति कुमार, शिक्षा मंत्री चंदन कुमार, अभिषेक कुमार, सूरज कुमार, राजकुमार, आदित्य कुमार, शिवम कुमार, नव्या कुमारी, स्वीटी कुमारी, अंशु कुमारी, शिक्षक विजय कुमार शर्मा, मो. मुस्तकीम, सीमा दास, उमेश मंडल, शोभरन मंडल, क्रांति हंसदा, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष पवन कुमार राय समेत अन्य लोगों ने अभियान में योगदान दिया।