ससुराल जा रहे युवक की गोविंदपुर में टेलर की चपेट में आने से मौत, बाल बाल बचा मासूम बेटा
रोज जा रही जान और मूकदर्शक बना हुआ है
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और एलिवेटेड रोड निर्माण कंपनी के अधिकारी
डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : जीटी रोड पर ऊंची नाली तथा संकीर्ण सड़क का विस्तार नहीं किए जाने से सोमवार को फिर एक की जान चली गई तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और एलिवेटेड रोड निर्माण कंपनी के अधिकारी मूदर्शक बने रहे। घटना फकीरडीह के पास हुई। यहां मोटरसाइकिल पर अपने पुत्र को साथ लेकर आ रहे आसनबनी ग्राम पंचायत के तिलाबनी निवासी दीपक मल्लिक( 30 वर्ष) की मौत हो गई तथा उसका 3 वर्षीय पुत्र बाल-बाल बच गया। वह विदेशी मल्लिक के तीन पुत्रों में बड़ा था। वह मोटरसाइकिल पर अपने पुत्र के साथ अपना ससुराल सिंदरी जा रहा था। फकीरडीह मोड का टर्न लेने के बाद वह आगे बढ़ा और एक टेलर की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई । घटना की सूचना पाकर पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाजपा नेता राजकिशोर महतो व जेएलकेएम के कुश महतो घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अंचल अधिकारी से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा प्रधानमंत्री आवास देने की अपील की। ग्रामीणों ने बताया कि फकीरडीह के पास दिल्ली लेन में एनएचएआई की काफी जमीन पड़ी हुई है और उस पर पानी बहता रहता है। उसे समतल एवं मरम्मत कर चलने लायक बना दिया जाता तो दीपक की मौत नहीं होती।