
सिंदरी में एके राय के नाम पर खुले तकनीकी विश्वविद्यालय : चंद्रदेव महतो
डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद : झारखंड विधानसभा के द्वितीय बजट सत्र के दौरान सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने अपने क्षेत्र में तकनीकी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठाई। विधायक महतो ने यह भी आग्रह किया कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय का नाम प्रख्यात मजदूर नेता और झारखंड आंदोलनकारी पूर्व सांसद एके राय के नाम पर रखा जाए।
विधानसभा में अपनी बात रखते हुए विधायक महतो ने कहा कि स्वर्गीय एके राय ने किसान-मजदूर आंदोलनों के साथ-साथ झारखंड अलग राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके योगदान को देखते हुए सिंदरी में बनने वाले तकनीकी विश्वविद्यालय का नामकरण उनके सम्मान में किया जाना चाहिए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की भी रखी मांग
इसके अलावा विधायक महतो ने कलियासोल और एगरकुंड प्रखंड में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खोलने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार से झारखंड के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में सीटों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की, ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि सिंदरी क्षेत्र में एक तकनीकी विश्वविद्यालय की स्थापना से शैक्षणिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक की इस पहल से सिंदरी क्षेत्र में शिक्षा और तकनीकी विकास को गति मिलने की उम्मीद है।