शिकार के लिए जंगल गया विनोद मरांडी तीन दिन से लापता, साथी हिरासत में 

Advertisements

शिकार के लिए जंगल गया विनोद मरांडी तीन दिन से लापता, साथी हिरासत में 

जंगल में करंट लगने से मौत की आशंकाख् पुलिस जांच में जुटी

डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी थाना क्षेत्र के गड़कुरा गांव का 35 वर्षीय युवक विनोद मरांडी पांच नवंबर की रात से रहस्यमय ढंग से लापता है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। गांव में उसकी हत्या या हादसे में मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस ने शक के आधार पर गांव के ही एक व्यक्ति तालो मरांडी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, विनोद मरांडी के पिता रघु मरांडी ने गुरुवार की शाम तिसरी थाना में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट मिलते ही थाना प्रभारी रंजय कुमार और एसआई संजय टुडू की अगुवाई में पुलिस टीम गुरुवार की रात से ही इलाके में छापामारी कर रही है। शुक्रवार को पुलिस को विनोद के मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट से अहम सुराग मिले, जिसके बाद तालो मरांडी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तालो ने बताया कि गुरुवार की रात वह और विनोद शिकार के लिए गड़कुरा जंगल गए थे। इस दौरान जंगली सूअर पकड़ने के लिए लगाए गए बिजली के करंट युक्त जाल की चपेट में आने से विनोद को करंट लग गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। तालो के अनुसार, घटना देखकर वह डर गया और वहां से भागकर देर रात घर पहुंचा। उसने गांव के लोगों, विनोद के पिता और पत्नी को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुरुवार को परिजन और ग्रामीण जंगल पहुंचे, लेकिन विनोद का शव वहां नहीं मिला। लोगों ने दिनभर गड़कुरा जंगल में तलाश की, पर न तो शव मिला और न ही घटना स्थल का कोई निशान।

लाश नहीं मिलने से मामले ने रहस्य का रूप ले लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिजली के झटके से मौत हुई होती, तो शव वहीं मिलना चाहिए था। वहीं पुलिस अब भी हत्या और शव गायब करने की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और जंगल के आसपास लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल विनोद मरांडी का न तो कोई सुराग मिला है, न ही शव बरामद हुआ है। गड़कुरा गांव में घटना के बाद से डर और सन्नाटा पसरा है, जबकि परिजन बेटे के सकुशल मिलने की आस लगाए बैठे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top