


शंकरडीह हटिया से मोबाइल चुराने के प्रयास में नाबालिग को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा 

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : गुरुवार को शंकरडीह में लगने वाले साप्ताहिक हटिया से मोबाइल चोरी करते हुए एक नाबालिग लड़के को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना गुरुवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। उस समय हटिया में काफी भीड़भाड़ थी। बामनबाद सोगेडीह टोला के एक व्यक्ति शंकरडीह हटिया में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका मोबाइल शर्ट की जेब में रखा हुआ था। मौके का फायदा उठाते हुए करीब 12 वर्षीय एक नाबालिग लड़के ने मोबाइल निकालने का प्रयास किया। संदेह होने पर व्यक्ति ने तत्परता दिखाते हुए लड़के को पकड़ लिया।
देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पूर्वी टुंडी पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग से पूछताछ की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान लड़के ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। वह लगातार रोता रहा और डर के कारण कुछ भी बताने से इंकार करता रहा।
पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया के तहत नाबालिग को अपने साथ थाना ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।




