सीपीआई (एम) की दिल्ली रैली 24 मार्च को रैली की तैयारी के लिए झारखंड में दो केंद्रीय जत्थे निकाले जाएंगें

Advertisements

सीपीआई (एम) की दिल्ली रैली 24 मार्च को

रैली की तैयारी के लिए झारखंड में दो केंद्रीय जत्थे निकाले जाएंगें

डीजे न्यूज, रांची:
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की झारखंड राज्य कमिटी की दो दिवसीय बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के पोलित ब्यूरो  सदस्य तपन सेन ने कहा कि आज पूरी दुनिया संकट से गुजर रही है। साम्राज्यवादी  सरगना अमरीका का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप  युद्ध थोपने पर आमादा है। दुनिया में पहली बार बेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को रात में सोते हुए अवस्था में उठाकर न्यूयॉर्क ले जाए जाने की घटना किसी स्वतंत्र देश की संप्रभुता पर सीधा नंगा हमला है।
उन्होंने कहा कि भारत द्वारा निर्यातित सामानों पर 18% टैरिफ तथा भारत में अमेरिका से आने वाली सामानों पर टैरिफ नि:शुल्क करना भी हमारे देश मे पहली बार हुआ है। अमेरिका – भारत व्यापार समझौता से हमारे देश के किसान पूरी तरह तबाह हो जायेंगें। साथ ही देश की संप्रभुता भी कमजोर होगी।
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार द्वारा मजदूरों के विरुद्ध 4 श्रम संहिता बनाकर उनके जायज अधिकारों को छीनना, किसानों की जमीन  कॉरर्पोरेट को देने की घोषणा, मनरेगा को समाप्त कर वी बी जी (ग्रामजी) कानून लागू करने और व्यापार समझौता के खिलाफ 12 फरवरी की देशव्यापी  हड़ताल ऐतिहासिक रही है।
उन्होंने कहा कि आज देश को गुलामी से बचाना, संविधान को बचाना, किसानों की जमीन को बचाना ,खेत व ग्रामीण मजदूरों के रोजगार मनरेगा को वापस लाने ,ट्रेड यूनियन और मजदूरों के अधिकार को बचाने, शिक्षा और रोजगार के लिए 24 मार्च को दिल्ली चलना है। जिसमें झारखंड से भारी संख्या में किसान मजदूर  शामिल होंगें।
बैठक में राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने 24 मार्च की दिल्ली रैली की तैयारी के लिए राज्य में 10 लाख लोगों से संपर्क किए जाने की कार्ययोजना की रुपरेखा रखी। इसके तहत ंदो केंद्रीय प्रचार  जत्था निकाला जाएगा। पहला जत्था सिलागई के शहीद बीर बुधु भगत स्मारक से निकलेगा जो गुमला, खूंटी और रांची के पंचपरगना क्षेत्र को कवर करेगा। दूसरा जत्था संताल परगना के सिदो-कान्हो स्मारक से निकल कर संताल परगना के 6 जिलों में अभियान चलाएगा। इसके अलावा विभिन्न जिलों में स्थानीय स्तर के जत्थे निकाले जाएंगें तथा पार्टी की स्थानीय शाखाओं द्वारा पदयात्रा आयोजित की जायेगी। बैठक की अध्यक्षता समीर दास ने की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top