सांसद ढुलू ने कहा-अगले विधानसभा चुनाव में झारखंड में ऎतिहासिक जीत दर्ज करेगी भाजपा

Advertisements

सांसद ढुलू ने कहा-अगले विधानसभा चुनाव में झारखंड में ऎतिहासिक जीत दर्ज करेगी भाजपा

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड के अगले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में भी भाजपा की सरकार रहेगी और डबल इंजन की सरकार बनने के बाद झारखंड के विकास को नई गति मिलेगी। इस दौरान उन्होंने राज्य की झामुमो-कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सांसद ढुलू महतो जनसंपर्क अभियान के तहत धनसार स्थित समाजसेवी सह उद्योगपति राम मोहन सिंह के आवास पर पहुंचे। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।

मीडिया से बातचीत में सांसद ने कहा कि झारखंड में पिछले छह वर्षों से सत्ता में रही झामुमो-कांग्रेस सरकार विकास के मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनता के हित में काम करने के बजाय केवल भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। सांसद ने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण और किसानों के हित में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ झारखंड की जनता को भी मिल रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top