
रिकार्ड सदस्य बना राघवेंद्र यादव ने राजद जिलाध्यक्ष के लिए ठोंका दावा
धनबाद जिले के दस प्रखंडों से बनाए दस हजार सदस्य, जिले में रहे अव्वल
डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल का सदस्यता अभियान लगातार तीन महीने तक चलने के बाद समाप्त हो गया। सदस्यता के आधार पर राजद अपने जिलाध्यक्ष का चयन करेगा। धनबाद में राजद जिलाध्यक्ष बनने को लेकर पार्टी के नेताओं में घमासान मचा हुआ है। इस घमासान में राजद के धनबाद प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप यादव ने सबसे अधिक दस हजार सदस्य बनाकर जिलाध्यक्ष के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्होंने सक्रिय और क्रियाशील दोनों तरह के सदस्य बनाए हैं। उन्होंने धनबाद जिले के सभी दस प्रखंडों से ये सदस्य बनाए हैं। राघवेंद्र प्रताप यादव ने प्रदेश कार्यालय रांची जाकर प्रभारी शालिग्राम पांडेय और सदस्यता प्रदेश प्रभारी अनिता यादव की मौजूदगी में सभी फार्मों को जमा कर धनबाद जिला अध्यक्ष के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।
राघवेंद्र ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी से जुड़ने की खुशी जताई, जो आने वाले समय में संगठन को और मजबूत बनाएगा।