रणधीर वर्मा स्टेडियम की समस्याओं को लेकर विधायक राज पहुंचे नगर निगम
मेयर संजीव ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
डीजे न्यूज, धनबाद: शहर के गौरव एवं खिलाड़ियों की धड़कन कहे जाने वाले रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में व्याप्त समस्याओं को लेकर शनिवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा धनबाद नगर निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मेयर संजीव सिंह के समक्ष स्टेडियम में ओपन जिम की बदहाल स्थिति, क्षतिग्रस्त रनिंग ट्रैक तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से उठाया।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि रणधीर वर्मा स्टेडियम शहर के युवाओं, खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों के स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, लेकिन रखरखाव के अभाव में यहां की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि ओपन जिम की कई मशीनें खराब हो चुकी हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रनिंग ट्रैक भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान चोट लगने का खतरा बना रहता है।
इसके अलावा स्टेडियम परिसर में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी की ओर भी विधायक ने नगर निगम का ध्यान आकृष्ट कराया। विधायक ने नगर निगम प्रशासन से इन समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की ताकि खिलाड़ियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
वहीं मेयर ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में व्याप्त सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों एवं मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
इस पहल से खिलाड़ियों, युवाओं एवं शहरवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही रणधीर वर्मा स्टेडियम में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।