राजपूत समाज को एकजुट करने की पहल तेज, 13 प्रखंडों में कमेटी गठित करने का निर्णय

राजपूत समाज को एकजुट करने की पहल तेज, 13 प्रखंडों में कमेटी गठित करने का निर्णय

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : अखिल झारखंड राजपूत समाज की गिरिडीह जिला कमेटी की ओर से रविवार को सरिया प्रखंड के बागोडीह, खेसकरी समेत अन्य गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान समाज के लोगों से शिष्टाचार भेंट-मुलाकात कर आपसी परिचय और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। अभियान का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह परमार ने किया।

बैठक में समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने के साथ शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों और जरूरतमंद लोगों की सहायता सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गिरिडीह जिले के सभी 13 प्रखंडों में राजपूत समाज की प्रखंड कमेटी गठित की जाएगी। जिला कमेटी के पदाधिकारी प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समाज के लोगों से संपर्क कर संगठन का विस्तार करेंगे। सोशल मीडिया के माध्यम से भी समाज के लोगों के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा।

शिक्षा और सामाजिक सुधार पर जोर

बैठक में समाज के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। युवाओं से मांस-मदिरा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील की गई। वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों और रूढ़िवादिता को दूर कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता बताई।

इस दौरान यूजीसी रोलबैक के मुद्दे को लेकर आंदोलन में भागीदारी पर भी चर्चा हुई। समाज के सभी वर्गों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।

जरूरतमंदों की मदद के लिए बनेगा आर्थिक कोष

बैठक में गरीब, असहाय, वंचित, कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आर्थिक कोष गठित करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के किसी भी व्यक्ति के समक्ष परेशानी आने पर संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

अभियान के दौरान बुद्धिजीवी, युवा, महिलाएं, किसान, मजदूर, सरकारी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को संगठन के एक मंच पर आने का आह्वान किया गया। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह परमार ने कहा कि आपसी मतभेद और बैरभाव को दूर कर तालमेल एवं मैत्रीपूर्ण संबंध कायम करते हुए समाज को एक दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top