राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बच्चों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Advertisements
राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बच्चों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद, पलामू : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद एवं शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा के संतुलन का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

शिक्षिका सुषमा पांडेय ने कहा कि स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए प्रतिदिन योग करना आवश्यक है। योग मन की चंचलता को नियंत्रित कर एकाग्रता बढ़ाता है और शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, पश्चिमोत्तानासन, पवनमुक्तासन, मंडूकासन, सर्वांगासन, हलासन सहित कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही इनसे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता, राजेश कुमार सिंहा तथा शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी और रश्मि प्रकाश सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top