
राज सिन्हा ने विधानसभा में महत्वपूर्ण मुद्दे उठाकर सरकार को घेरा
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद विधायक राज सिन्हा ने झारखंड विधानसभा में श्रम नियोजन एवं कौशल प्रशिक्षण विभाग, उद्योग विभाग, भवन निर्माण विभाग और ऊर्जा विभाग के मांग पर कटौती प्रस्ताव के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 2024-25 के बजट के आकार से अभी के बजट के आकार को देखने से यह स्पष्ट है कि इसमें 13% की वृद्धि की गई है, लेकिन कई मौकों पर उन्होंने यह बात कही है कि राज्य के विकास में कुशल वित्तीय प्रबंधन का होना अति महत्वपूर्ण है।
विधायक राज सिन्हा ने आगे कहा कि वर्तमान बजट को देखने पर यह स्पष्ट रूप से पता चलता है कि यह पुरानी बोतल में नई शराब की कहावत को चरितार्थ करता है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान महागठबंधन वाली सरकार की गलत नीति, तथा स्पष्ट नियत और कार्यों में पारदर्शिता की कमी के कारण अपने पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल और इस कार्यकाल के चार माह पूर्ण होने को है, फिर भी राज्य के युवाओं को उचित अवसर व रोजगार नहीं दिला पाई है।
झामुमो कांग्रेस राजद वाली सरकार ने भ्रम का वातावरण फैलाकर राज्य की जनता को छला
विधायक राज सिन्हा ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा यहां बेरोजगार युवाओं के लगातार संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य के बेरोजगार युवा को रोजगार देने का महागठबंधन वाली यूपीए झामुमो कांग्रेस राजद वाली सरकार ने अपने पूर्व व वर्तमान वादे के माध्यम से भ्रम का वातावरण फैलाकर राज्य की जनता को छला है।
विधायक राज सिन्हा ने यह भी कहा कि आज राज्य की संवैधानिक संस्थाएं की कार्यशैली से राज्य के युवा उचित अवसर प्राप्त करने से वंचित रह जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि राज्य के सभी विभागों में राज्य मुख्यालय से लेकर जिला और अंचल मुख्यालय तक भिन्न-भिन्न संवर्गों में हजारों की संख्या में अनुबंधकर्मी संविदा कर्मी आउटसोर्सिंग कर्मी कनीय अभियंता राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों अंतर्गत कार्यरत महाविद्यालयों में घंटी आधारित अनुबंध सहायक, प्राध्यापकों शिक्षेक्तर कर्मी कार्यरत हैं, परंतु उनके स्थाई समायोजन की दिशा में सार्थक निर्णय नहीं लिया गया है।
मास्टर सोबरन मांझी राज्य पुस्तकालय को आधुनिक संरचना युक्त बनाए सरकार : राज सिन्हा
विधायक राज सिन्हा ने आज विधानसभा में धनबाद जिला मुख्यालय में अवस्थित वर्षों पुरानी मास्टर सोबरन मांझी राज्य पुस्तकालय के दयनीय स्थिति को सदन पटल पर रखा। उन्होंने इस पुस्तकालय को आधुनिक संरचना युक्त बनाते हुए सफल संचालन की मांग की।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि यह पुस्तकालय पूरे धनबाद जिले के छात्र-छात्राओं का एक प्रमुख अध्ययन केंद्र है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी इस पुस्तकालय के माध्यम से छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में करते हैं। इस पुस्तकालय में पढ़कर कई छात्र इंजीनियरिंग, मेडिकल, यूपीएससी, जेपीएससी, बीपीएससी सहित कई अन्य परीक्षा की तैयारी करते हुए कई छात्रों ने यहां से पढ़कर सरकारी नौकरियां भी प्राप्त की हैं। इस पुस्तकालय का संचालन आउटसोर्सिंग कंपनी के द्वारा की जाती रही थी, परंतु पिछले महीने से एकरारनामा समाप्त होने के कारण पुस्तकालय की स्थिति दयनीय होती जा रही है। आउटसोर्सिंग कंपनी लाइब्रेरियन, शोर्टर एवं अन्य के द्वारा सफल संचालन कर रहे थे। विधायक राज सिन्हा ने धनबाद के इस अति महत्वपूर्ण पुस्तकालय को आधुनिक संरचना युक्त बनाने जाने की मांग की एवं इसका सफलता एवं सुचारु रूप से संचालन कराए जाने की मांग की।