पुरानी पेंशन के पैरोकार सुदिव्य सोनू को श्रद्धांजलि देने आज जुटेंगे राज्यकर्मी
कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रहा है महत्वपूर्ण योगदान : राज नारायण वर्मा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार को दोपहर एक बजे गिरिडीह के टावर चौक में आयोजित शोकसभा में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में राज्यकर्मी जुटेंगे। एनएमओपीएस/झारोटेफ के जिला संगठन की रविवार रात 9.30 बजे हुई वर्चुअल बैठक में शोकसभा में अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। संगठन के अनुसार शोकसभा में जिले से 100 से अधिक तथा राज्यभर से एक हजार से अधिक राज्यकर्मियों के शामिल होने की संभावना है।
जिला वर्चुअल बैठक जिलाध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रांतीय सचिव समा प्रवीण, प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद और इम्तेयाज अहमद समेत विभिन्न प्रखंडों की टीम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। बेंगाबाद प्रखंड से प्रखंड सचिव राज नारायण वर्मा और अध्यक्ष बसंत कुमार ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी साथी सोमवार दोपहर एक बजे टावर चौक, गिरिडीह में सादगीपूर्ण पोशाक में पहुंचकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बेंगाबाद प्रखंड के कर्मचारियों से विशेष रूप से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। संगठन की ओर से बेंगाबाद से कम से कम 100 कर्मचारियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
प्रखंड सचिव राज नारायण वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर कर्मचारियों की मांग और संघर्ष के दौर में उन्होंने कर्मचारियों का साथ दिया था। ऐसे में उनके निधन से कर्मचारी समाज को गहरा आघात पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि बेंगाबाद गिरिडीह के नजदीक है, इसलिए सभी साथी अपने कार्य से समय निकालकर कम से कम एक घंटे के लिए शोकसभा में जरूर पहुंचें। बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार की श्रद्धांजलि सभा में गिरिडीह जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों से भी कर्मचारी शामिल होंगे। संगठन की ओर से राज्यकर्मियों से अपील की गई है कि वे सादगीपूर्ण तरीके से शोकसभा में पहुंचकर दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करें।