
पश्चिमी सिंहभूम में महिलाओं ने दिखाई एकता की ताकत नारी एकता महिला महासंघ का 9वां वार्षिक महाधिवेशन सम्पन्न
डीजे न्यूज बंदगांव (पश्चिमी सिंहभूम) :बंदगांव प्रखंड के हुडंगदा स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय (भाग-2) के परिसर में शनिवार को नारी एकता महिला महासंघ का 9वां वार्षिक महाधिवेशन भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रदान संस्था और महिला मंडल के सहयोग से हुआ, जिसमें 52 गांवों से 450 महिला मंडलों की करीब 6 हजार महिलाएं शामिल हुईं।
महिलाएं हर क्षेत्र में कर रही हैं बेहतरीन प्रदर्शन : एसडीओ
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी ने दीप प्रज्वलित कर महाधिवेशन का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा, “आज महिलाएं समाज में किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि महिलाएं संकल्प लें, तो अपने लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त कर सकती हैं।”
उन्होंने महिलाओं से अंधविश्वास को खत्म करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की एकता समाज में बदलाव लाने की मजबूत ताकत है, जिसे हमें हर स्तर पर बढ़ावा देना चाहिए।
महिला मंडलों को मिला सम्मान
महाधिवेशन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला मंडलों को अतिथियों द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। महिलाओं ने भी मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया।
प्रदर्शनी स्टॉल में मिला जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में प्रदान संस्था, एकजुट, एस्पायर, एलाग दोलंग, एफपीओ विधि प्राधिकरण और विभिन्न महिला मंडलों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों में बागवानी, पशुपालन, उन्नत कृषि तकनीक, पेयजल, और सिंचाई से संबंधित जानकारी दी गई।
नाटक व नृत्य के माध्यम से समाज को जागरूक किया
महिला मंडलों ने नाटक और नृत्य के जरिए महिला हिंसा, हक और अधिकार, अंधविश्वास, दहेज प्रथा, और शिक्षा के महत्व जैसे गंभीर विषयों पर जागरूकता फैलाई। इनके प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को सामाजिक मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रदान संस्था रांची के टीम इंटीग्रेटर रजनीकांत पांडे, नूर सिंह सुतार, मुखिया मिथुन गागराई, मुखिया सुखमती जोंकों, राजेश गागराई, ट्रेनिंग टेक्निकल मो. दिलीप कुमार, तीर्थों दास, मोहम्मद शहाबुद्दीन निशुनिशांत, मनीष कुमार, योगेंद्र परमार, साजिद अमीन, रूपाली महतो, गौरी महतो, मंजुलता, किरण गागराई, सुभाषिनी देवी, मंजू लता राणा समेत सैकड़ों महिलाएं मौजूद थीं।