प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो ठान लेते हैं, उसे करके दिखाते हैं : बाबूलाल 

Advertisements

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो ठान लेते हैं, उसे करके दिखाते हैं : बाबूलाल 

खेल गांव से लेकर देश की पहचान बनाता है : अन्नपूर्णा देवी

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : कोडरमा लोकसभा स्तरीय संसद खेल महोत्सव का समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को बगोदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरनी स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय पलौंजिया स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल के नेता प्रतिपक्ष सह विधायक बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की सांसद अन्नपूर्णा देवी तथा हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल उपस्थित थे।

कार्यक्रम में सभी अतिथियों को भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा मंच पर शॉल एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, इसके पश्चात पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया। सिख रेजीमेंट के जवानों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।

समारोह के दौरान विजेता प्रतिभागियों, पूर्व जिला अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों तथा कार्यक्रम की व्यवस्था में लगे भाजपा कार्यकर्ताओं को पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री एवं सांसदों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें संगीत एवं नृत्य कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुबह 11 बजे से ही महिलाएं एवं पुरुष बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। दर्शकों एवं अतिथियों के लिए भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि खेल केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि अपने गांव से लेकर राज्य और देश की पहचान बनता है। विकास और विरासत युवाओं को आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों खिलाड़ियों ने 13 प्रकार के खेलों में भाग लिया है। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में 8,600 से अधिक युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने संसद खेल महोत्सव के लिए पंजीकरण कराया और इसमें भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को समापन समारोह में सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का अवसर देता है। साथ ही एसएचजी के माध्यम से देश में 10 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण लगातार मजबूत हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान का देश के विकास में बड़ा योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो ठान लेते हैं, उसे करके दिखाते हैं। खेल और कला ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का काम करती है। उन्होंने कहा कि देश के लगभग 300 सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में संसद खेल महोत्सव आयोजित कर युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में वर्ष 2025 में संसद खेल महोत्सव के तहत 8,600 प्रतिभागियों को भाग लेने का सौभाग्य मिला है।

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश में 300 से अधिक एनडीए सांसद अपने क्षेत्रों में संसद खेल महोत्सव का आयोजन कर रहे हैं, जिससे समाज में आगे बढ़ने की भावना विकसित हो रही है। “खेलेगा इंडिया तभी बढ़ेगा इंडिया” का सपना साकार हो रहा है।

कार्यक्रम का संचालन एवं व्यवस्था सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, मुकेश जलान, मयंक कुमार एवं बीरेंद्र मेहता के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम में विधायक जनार्दन पासवान, उज्ज्वल दास, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह, कोडरमा जिला अध्यक्ष अनूप जोशी, महादेव दुबे, गिरिडीह प्रभारी रोहित लाल सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, यदुनंदन पाठक, अशोक उपाध्यक्ष, विनय शर्मा, प्रकाश सेठ, पवन साव, दिनेश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

विधि-व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ धनंजय राम, बीडीओ फणीश्वर रजवार, सीओ संदीप मधेसिया, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी देवानंद कुमार, भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन सिंह, एसआई प्रेमशंकर सिंह सहित पांच पुलिस पदाधिकारी, 40 सशस्त्र पुलिस जवान, महिला पुलिस एवं चौकीदारों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top