पूर्णाडीह माहुरी वैश्य मंडल की नई समिति का गठन, दिलीप वैशख्यिार बने अध्यक्ष
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : पूर्णाडीह माहुरी वैश्य मंडल की बैठक रविवार को पूर्णाडीह पंचायत भवन में आयोजित की गई। बैठक से पूर्व समाज की आराध्य देवी माँ मथुरासिनी की विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई। पूजा-अर्चना के उपरांत अमोद राम की अध्यक्षता में मंडल की बैठक प्रारंभ हुई।
बैठक में मंडल के सदस्यों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान समाज की वर्तमान स्थिति, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आपसी एकता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने तथा समाजहित में किए जाने वाले विभिन्न कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से पूर्णाडीह माहुरी वैश्य मंडल समिति का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से दिलीप कुमार वैशख्यिार को अध्यक्ष, हकीम राम कुट्टियार को सचिव, बजरंग गुप्ता को उपाध्यक्ष, नितिन राम सेठ को कोषाध्यक्ष तथा सुरेश राम वैशख्यिार को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई समिति के गठन के बाद उपस्थित सदस्यों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-माला पहनाकर एवं शुभकामनाएँ देकर बधाई दी। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नई टीम आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ समाज के हित में कार्य करेगी तथा मंडल की गतिविधियों को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसकी एकता, संगठन और आपसी सहयोग में निहित होती है। समाज के सभी लोगों को साथ लेकर चलने तथा युवा पीढ़ी को समाज की गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। बैठक में समाज की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों के सहयोग और सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप कुमार वैशख्यिार एवं अन्य पदाधिकारियों ने समाज के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडल को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों के सहयोग एवं मार्गदर्शन से मिलकर कार्य किया जाएगा। बैठक के अंत में माँ मथुरासिनी से प्रार्थना की गई कि उनके आशीर्वाद से नई समिति समाज में एकता, अखंडता, भाईचारा एवं संगठन की भावना को मजबूत करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करे।