डिक्की में मांस ले जा रहे बुजुर्ग को ग्रामीणों ने रोका, प्रतिबंधित मांस होने की शिकायत पर पुलिस ने लिया हिरासत में
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : लटानी पंचायत अंतर्गत रंजीतपुर गांव में गुप्त सूचना के आधार पर लटानी के ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग को अपने बाइक की डिक्की पर प्रतिबंधित पशु का मांस ले जाते हुए पकड़ लिया और पूर्वी टुंडी पुलिस को सौंप दिया।
घटना के संबंध में पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग सुलेमान अंसारी अपनी टीवीएस एक्स एल बाइक पर सहराज की ओर से रंजीतपुर होते हुए अपने गांव मोहनपुर लौट रहे थे। इसी क्रम में लटानी गांव के कुछ युवकों को इसकी भनक लग गई। वे बाइक सवार को रोककर पूछताछ करने लगे। ग्रामीणों ने जब इसकी डिक्की की तलाशी ली तो उन लोगों को प्रतिबंधित पशु का मांस होने का संदेह हुआ। आरोपी सुलेमान अंसारी ने ग्रामीणों को बताया कि वे इसे अपने घर खाने के लिए लेकर जा रहे हैं। यह कोई प्रतिबंधित पशु का मांस नहीं है। मामला बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस ने उक्त बुजुर्ग व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। घटना की सूचना अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल को भी दी गई। थाना प्रभारी नीतीश कुमार व अंचलाधिकारी ने भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी प्रीति सरोज खोया को थाना बुलवाकर जांच पड़ताल करवाया लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया। इसके बाद विसरा प्रीजर्व कर फोरेंसिक लैब जांच के लिए रांची भेज दिया गया। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि फिलहाल ग्रामीणों द्वारा दिए गए लिखित शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं के तहत उक्त व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा। अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने बताया कि लगभग डेढ़ किलो बरामद मांस प्रतिबंधित पशु का है कि नहीं यह फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। पुलिस आगे की कारवाई में जुट गई है।