पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय में लगी शिविर, 11 यूनिट रक्तदान
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय पीरटांड़ में मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में ग्यारह यूनिट रक्त दान हुआ। शिविर में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान कर लोगों ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। शिविर में चिरकी पंचायत के उपमुखिया अमित साव, समाजसेवी आलोक कुमार, बीटीटी मंजू, एलटी सभु महाथा सहित कई लोगों ने रक्तदान किया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में सदर अस्पताल गिरिडीह के रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सोहेल, पीरटांड़ चिकित्सा प्रभारी डॉ. शशिकांत, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार मरांडी, अंचलाधिकारी ऋषिकेश मरांडी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन के अधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई। सभी ने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में संग्रहित रक्त को गिरिडीह ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां से आवश्यकता पड़ने पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व और इसके सामाजिक लाभों के प्रति भी जागरूक किया गया।