पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन में अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
डीजे न्यूज, जामताड़ा : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के अंतर्गत अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 16 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त, कोलकाता संभाग के संजीव सिन्हा एवं मैडम पुष्पिता सिन्हा के करकमलों द्वारा किया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में संजीव सिन्हा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या टेक धारनी भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाते हुए विद्यालय के नन्हे कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता के दौरान क्रिकेट के अधिकारीगण भी मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षिका सुदेशना कर सरखेल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी सशक्त रूप से प्रोत्साहित कर रहा है।