पचंबा के चकटांड़ में रास्ते पर विवाद, मामला थाना पहुंचा 

Advertisements

पचंबा के चकटांड़ में रास्ते पर विवाद, मामला थाना पहुंचा 

डीजे न्यूज, पचंबा(गिरिडीह) : पचंबा थाना क्षेत्र के चकटांड़ गांव में एक कथित सार्वजनिक रास्ते को लेकर ग्रामीणों और जमीन खरीददार के बीच विवाद उत्पन्न हो गया है। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों को अपनी-अपनी दावेदारी के समर्थन में पचम्बा थाना का दरवाजा खटखटाना पड़ा। दोनों पक्षों ने आवेदन देकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर घेराबंदी की जा रही है, वह गैरमजरुआ भूमि है और वर्षों से गांव के लोग इसका उपयोग आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह एक सार्वजनिक रास्ता है, जिसे बंद करने से गांव के लोगों को परेशानी होगी। दूसरी ओर जमीन खरीददार धर्मेंद्र कुमार शर्मा का दावा है कि संबंधित भूमि उन्होंने रैयतों से विधिवत खरीदी है। उनके नाम से जमीन रजिस्टर-2 में दर्ज है तथा अंचल कार्यालय से नियमित रूप से रसीद भी निर्गत होती रही है। उनका कहना है कि वे अपनी निजी जमीन पर ही कार्य कर रहे हैं।

विवाद उस समय गहरा गया जब धर्मेंद्र कुमार शर्मा द्वारा जमीन की घेराबंदी का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने इसे सार्वजनिक रास्ता बताते हुए विरोध दर्ज कराया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसमें आपसी सहमति से प्रशासनिक स्तर पर मामले के समाधान की बात सामने आई।

मामले की जानकारी मिलने पर दोनों पक्ष पचंबा थाना पहुंचे और लिखित आवेदन सौंपकर जांच की मांग की। थाना पुलिस ने फिलहाल दोनों पक्षों को भूमि संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है। साथ ही जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार के निर्माण अथवा घेराबंदी कार्य पर रोक लगा दी गई है।

प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित भूमि सार्वजनिक रास्ता है या निजी स्वामित्व वाली जमीन।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top