NH-19 पर मौत का कहर तेज रफ्तार सरिया लदा ट्रक बना काल, डिवाइडर तोड़ते हुए फुट ओवरब्रिज से टकराया, एक की मौत
डीजे न्यूज, डुमरी, गिरिडीह : डुमरी के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकी टोगरी के पास एक सरिया लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जमकर कहर बरपाया।
बेकाबू ट्रक ने पहले सड़क पर जा रहे एक राहगीर को रौंद दिया। फिर डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे फुट ओवरब्रिज से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ओवरब्रिज का पक्का हिस्सा टूटकर बिखर गया और ट्रक पर लदा सारा सरिया सड़क पर चारों ओर फैल गया।
इस दर्दनाक हादसे में पोखरिया कुलगो निवासी गिरधारी महतो के 27 वर्षीय पुत्र वाल्मीकि महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथी दीपक गुप्ता, पिता रूपलाल साव गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार वाल्मीकि और दीपक निमियाघाट से पारसनाथ होते हुए धनबाद जा रहे थे। वहां से ट्रेन पकड़कर उन्हें चेन्नई जाना था, लेकिन ट्रेन कैंसिल होने के कारण वे सड़क मार्ग से निकले थे। वाल्मीकि की शादी 1 साल पहले गोमो में हुई थी, जबकि दीपक की शादी जून 2025 में हुई थी।
108 एंबुलेंस से घायल दीपक और ट्रक के चालक-उपचालक को अस्पताल पहुंचाया गया। दीपक की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद पीएमसीएच रेफर* किया गया है। ट्रक चालक और उपचालक को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पंचनामा किया गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि NH-19 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार जानलेवा बन रही है। लोगों ने प्रशासन और NH प्रबंधन से मांग की है कि टूटे फुट ओवरब्रिज की तुरंत मरम्मत की जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि ऐसी घटना फिर न हो।