नगर निगम की खबरें:-

नगर निगम की खबरें:-

जोरिया छतटांड तालाब की सफाई कार्य शुरू

डीजे न्यूज, धनबाद: आगामी मॉनसून को देखते हुए धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 15 अंतर्गत जोरिया छतटांड स्थित तालाब की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से निपटने और तालाब की जलधारण क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
तालाब की सफाई के दौरान उसमें जमा गाद, कचरा और जलकुंभी को हटाया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान पानी का बेहतर संचयन हो सके और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या कम हो।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि मॉनसून पूर्व तैयारियों के तहत वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में नालों एवं जलस्रोतों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को जलजमाव और गंदगी से राहत मिल सके।
——————————————
सात दिनों के अंदर अतिक्रमण हटाने का निर्देश
धनबाद: अतिक्रमण मुक्त एवं स्वच्छ शहर के उद्देश्य से झरिया क्षेत्र के कॉमर्शियल इलाके में स्थित चिल्ड्रन्स पार्क के समीप सड़क एवं नाली पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
निगम की ओर से चलाए गए अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक नालियों पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों, ठेला एवं खोमचा संचालकों तथा अन्य अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे तत्काल सार्वजनिक मार्ग एवं नालियों को अतिक्रमण मुक्त करें। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क एवं नाली पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, जल निकासी में बाधा उत्पन्न होती है तथा आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
नगर निगम द्वारा सभी संबंधित दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों को निर्देश दिया गया कि वे सात दिनों के भीतर सड़क एवं सार्वजनिक नाली पर किए गए अपने अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। निर्धारित अवधि के पश्चात यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो धनबाद नगर निगम द्वारा नगर पालिका अधिनियम एवं प्रासंगिक नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने एवं जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत, इंफोर्समेंट टीम से फूड इंस्पेक्टर पूनम ज्योति एवं करण कुमार, गार्डन प्रभारी मनीषा कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक अमित, रंजीत, सागर, सुनील, पूनक तथा अन्य नगर निगम कर्मी उपस्थित रहे।
धनबाद नगर निगम प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कर सार्वजनिक संपत्तियों एवं सुविधाओं को बाधित न करें।
————————————
नशामुक्त समाज के निर्माण की ली शपथ
धनबाद: मादक पदार्थों के सेवन एवं उसके दुष्प्रभावों के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से धनबाद नगर निगम, झरिया अंचल द्वारा चिल्ड्रन पार्क, झरिया में एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं आमजन ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ ली तथा मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके उपरांत आयोजित जागरूकता रैली के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति अभियान से जोड़ने का प्रयास करे।
धनबाद नगर निगम द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने परिवार, समाज एवं देश को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सहयोग करें।
इस कार्यक्रम में नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत फूड इंस्पेक्टर करण कुमार, पूनम ज्योति, गार्डन अधीक्षक मनीषा कुमारी  पर्यवेक्षक अमित, रणजीत, सागर, मनोज, सुनील एवं निगम के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top