मुहर्रम अखाड़ा का जुलूस केंदुआडीह पुराने थाना होते हुए गंसाडीह मोड़ के रास्ते गोधर कर्बला जाएगा
मुहर्रम को लेकर केंदुआडीह थाना में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्वक मुहर्रम मनाने का संकल्प
डीजे न्यूज, केंदुआ(धनबाद) : मुहर्रम पर्व को लेकर सोमवार को केंदुआडीह थाना परिसर में थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान केंदुआडीह पुराने जीएम बंगले के समीप धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर हुई भू-धंसान एवं गैस रिसाव की घटना को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि इस वर्ष मुहर्रम अखाड़ा का जुलूस केंदुआडीह पुराने थाना होते हुए गंसाडीह मोड़ के रास्ते गोधर कर्बला जाएगा।
उन्होंने मुहर्रम कमेटी के सदस्यों से पुराने केंदुआडीह थाना मोड़ स्थित व्यस्ततम सड़क पर यातायात व्यवस्था और संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए अखाड़ा जुलूस पर विशेष निगरानी रखने की अपील की। साथ ही जुलूस में डीजे का प्रयोग नहीं करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया।
बैठक में रामगोपाल भुवानियां, हरि प्रसाद पप्पू, चन्द्रदेव यादव, बदरी रविदास, गोबिंद राउत, सरफुद्दीन अंसारी, महादेव हांसदा, सुधीर रवानी, मनोज राय, मो. सलीम, साहेब खान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।