



मिट्टी के स्वास्थ्य संरक्षण पर ध्यान देने की आवश्यकता पर दिया जोर

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद):विश्व मृदा दिवस पर शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र बलियापुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर मौजूद किसान एवं छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने मिट्टी को पृथ्वी पर जीवन का आधार बताया। कहा की हमारे भोजन पेड़, पौधे, पशु, पर्यावरण सभी का अस्तित्व मिट्टी पर निर्भर है। लेकिन आज दुनिया गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। अत्यधिक रासायनिक खाद का प्रयोग, बढ़ते प्रदूषण, वनों की अनियंत्रित कटाई और जलवायु परिवर्तन मिट्टी की उर्वरता को तेजी से प्रभावित कर रहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार यदि मिट्टी के स्वास्थ्य के संरक्षण पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में खाद्यान्न उत्पादन पर संकट गहराने लगेगा। वैज्ञानिकों ने कहा कि छोटे-छोटे कदमों जैसे रासायनिक खाद की संतुलित प्रयोग, वृक्षारोपण, मिट्टी कटाव को रोकने एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर मिट्टी के स्वास्थ्य को ठीक किया जा सकता है। वैज्ञानिकों ने आगे कहा कि यदि मिट्टी स्वस्थ रहे तो हमारा गांव एवं शहर दोनों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। कार्यक्रम में भाग लिए चिरकुंडा स्थित डॉक्टर अंबेडकर हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर मानिक रजक ने विश्व मृदा स्वास्थ्य दिवस के महत्व की विस्तृत जानकारियां दी। मौके पर बोकारो की कृषि वैज्ञानिक डॉ सुषमा सरोज, डॉक्टर अनिल कुमार, डॉक्टर आदर्श कुमार श्रीवास्तव, डॉक्टर नंदन कुमार, रमन कुमार श्रीवास्तव, संजय कुमार आदि थे।
