



महिला सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव : उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : बेंगाबाद प्रखंड के कर्णपुरा स्थित आटा उत्पादन केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं समाज के विकास की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के उत्थान में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं के साहस, परिश्रम और संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, स्वावलंबन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि आज के समय में महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, व्यवसाय, खेल और सामाजिक सेवा जैसे कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। साथ ही उन्होंने बताया कि यह आटा उत्पादन केंद्र स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रहा है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस नारी शक्ति, सम्मान और समानता का प्रतीक है। यह दिन समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद करने और उन्हें सम्मान देने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर कुछ महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य और सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित भी किया गया।



