मधुबन में कचरा और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा, संस्थाओं को दिए जरूरी निर्देश

मधुबन में कचरा और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा, संस्थाओं को दिए जरूरी निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मधुबन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरी की अध्यक्षता में मधुबन गेस्ट हाउस में जैन धर्मशाला, ट्रस्ट एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर Grey Water एवं Solid Waste Management की व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में संस्थाओं के परिसरों में कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, जल निकासी तथा अपशिष्ट के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, धनबाद के क्षेत्र पदाधिकारी ने Grey Water के उचित प्रबंधन तथा Solid एवं Wet Waste के वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण और निस्तारण से संबंधित आवश्यक तकनीकी जानकारी दी।

प्रशासन ने संस्थाओं को पर्यावरणीय मानकों एवं सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही अपने-अपने परिसरों में गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा Grey Water के समुचित प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में कहा गया कि मधुबन में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए प्रशासन एवं संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी पीरटांड़, अंचल अधिकारी पीरटांड़, प्रदूषण नियंत्रण पर्षद धनबाद के क्षेत्र पदाधिकारी सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top