लैंगिक असमानता छोटी-छोटी बातों से शुरू होती है और धीरे-धीरे गहरी समस्या का रूप ले लेती : जय कुमार मिश्र

Advertisements

लैंगिक असमानता छोटी-छोटी बातों से शुरू होती है और धीरे-धीरे गहरी समस्या का रूप ले लेती : जय कुमार मिश्र

लैंगिक असमानता पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिरसिया में प्रशिक्षण शिविर, किशोरियों के अधिकारों को लेकर जागरूकता का आह्वान

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिरसिया के प्रांगण में बुधवार को समता फेलोशिप के तहत लैंगिक असमानता विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को लैंगिक समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसरों के प्रति सजग करना था।

प्रशिक्षण का संचालन समता फेलो के रूप में कार्यरत जय कुमार मिश्र ने किया। उन्होंने कहा कि लैंगिक असमानता समाज में छोटी-छोटी बातों से शुरू होती है और धीरे-धीरे यह एक गहरी समस्या का रूप ले लेती है। बचपन में लड़के-लड़कियों के बीच समानता रहती है, पर जैसे-जैसे वे बड़े होते हैं, लड़कियों को घरेलू कामकाज, बाल विवाह और लिंग आधारित हिंसा जैसे खतरों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि कई बार किशोरियों को विज्ञान, गणित जैसी पसंदीदा विषयों में पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहन नहीं मिलता और शादी या गर्भवती होने की स्थिति में उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ती है। सुदूरवर्ती और गरीब इलाकों में लड़कियाँ सुरक्षा, स्वच्छता और संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। परिणामस्वरूप वे न शिक्षा, न रोजगार और न ही किसी प्रशिक्षण से जुड़ पाती हैं, जिससे उनके जीवन के अवसर सीमित हो जाते हैं। मिश्र ने युवाओं, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने प्रेरक कहानियाँ, गीत, गतिविधियाँ और अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को इस विषय में गहराई से समझाया।

प्रशिक्षण का सफल आयोजन समता फेलो रवि कुमार के द्वारा किया गया, जिनके समर्पण और प्रबंधन की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में संजना, आराध्या, खुशी, सुजंती, नैना, अर्जुन, निशांत और विराट सहित कुल 25 प्रतिभागी शामिल हुए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top