कोल इंडिया कर्मचारियों को ₹1.50 लाख बोनस देने की मांग

कोल इंडिया कर्मचारियों को ₹1.50 लाख बोनस देने की मांग

डीजे न्यूज, धनबाद: कोल इंडिया लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों के वर्ष 2026 के बोनस (पीएलआर) को लेकर अंतिम निर्णय से पहले कर्मचारियों के हित में ₹1.50 लाख बोनस देने की मांग उठी है। इस संबंध में बैकवर्ड क्लास (ओबीसी) कोल एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से कोल इंडिया मुख्यालय, कोलकाता के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा गया है।
एसोसिएशन के महासचिव जय बहादुर सिंह यादव ने पत्र में कहा है कि वर्ष 2026 के बोनस (पीएलआर) के संबंध में अभी तक बैठक एवं अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। वहीं, दशहरा पर्व 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। ऐसे में कर्मचारियों और उनके परिवारों की जरूरतों को देखते हुए बोनस का भुगतान समय पर किया जाना आवश्यक है।
पत्र में मांग की गई है कि बोनस पर अंतिम निर्णय होने तक सभी कर्मचारियों को ₹1,50,000 का अग्रिम बोनस दिया जाए। बाद में ट्रेड यूनियनों और प्रबंधन के बीच बोनस राशि पर समझौता होने पर यदि निर्धारित राशि ₹1.50 लाख से अधिक होती है, तो शेष अंतर की राशि का भुगतान किया जाए।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि कर्मचारी हित और आगामी पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन सकारात्मक निर्णय लेते हुए ₹1.50 लाख बोनस राशि का भुगतान बतौर पूर्व-उपहार करने की पहल करेगा।
पत्र में कर्मचारी हित में इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि कोल इंडिया के मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग, समस्त ट्रेड यूनियनों, एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा ओबीसी लायजन अधिकारी को भी भेजी गई है। इसकी जानकारी एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी राम नारायण ने दी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top