
किशोरावस्था में छात्रोंं की चुनौतियों को दूर करने में शिक्षकों की भूमिका अहम : नमन प्रियेश लकड़ा
गिरिडीह में विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत आरोग्य दूतों को किया गया सम्मानीत
डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाहरणालय सभागार में विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को स्वास्थ्य आरोग्य दूतों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और वर्ग 6 से 12 तक के आरोग्य दूतों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया।
शिक्षकों और आरोग्य दूतों की भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किशोरावस्था में बच्चों के सामने आने वाली चुनौतियों को दूर करने में शिक्षकों की भूमिका अहम होती है। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम, जंक फूड से बचाव और संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया।
3158 सरकारी विद्यालयों में कार्यक्रम को लागू करने की योजना
उपायुक्त ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गिरिडीह जिले के 3158 सरकारी विद्यालयों में यह कार्यक्रम प्रभावी रूप से लागू किया जाए। उन्होंने सभी आरोग्य दूतों को स्वास्थ्य और शिक्षा के समन्वय से बच्चों में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
शिक्षा के साथ खेल, कला और संस्कृति पर भी जोर
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ खेल, साहित्य, कला और संस्कृति जैसे विषयों को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि बच्चों की रुचि विभिन्न क्षेत्रों में बढ़े। उन्होंने ICDS, पोषण ट्रैकर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह उन्मूलन जैसे सरकारी अभियानों का उदाहरण देते हुए कहा कि ये सभी योजनाएं मिलकर बच्चों के स्वास्थ्य और समग्र विकास में योगदान दे रही हैं।
विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम में सिविल सर्जन ने बताया कि इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 अप्रैल 2018 को की थी, जिसके बाद झारखंड में 2020 से यह कार्यक्रम लागू किया गया। यह योजना विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाई जा रही है।
इस कार्यक्रम के तहत बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या, इंटरनेट और सोशल मीडिया की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और दहेज प्रथा जैसे विषयों पर जागरूक किया जाता है।
65 आरोग्य दूतों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर 65 आरोग्य दूतों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला बीडीओ, जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल सहित कई अन्य चिकित्सक और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।