खराब हैंडपंपों की मरम्मत व नियमित जलापूर्ति के दिए निर्देश

Advertisements

खराब हैंडपंपों की मरम्मत व नियमित जलापूर्ति के दिए निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़, व्यवस्थित एवं निर्बाध बनाने को लेकर सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेयर संजीव सिंह तथा नगर आयुक्त आशीष गंगवार सहित संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से खराब पड़े हैंडपंपों की सूची तैयार कर उनकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने, नियमित एवं समयबद्ध पेयजल आपूर्ति बनाए रखने, जर्जर पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा वैकल्पिक जलस्रोतों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई।

मेयर एवं नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। गर्मी के इस मौसम में किसी भी वार्ड में पेयजल की कमी न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। खराब हैंडपंपों की मरम्मत एवं पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से कराया जाएगा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि जिले में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है। जहां-जहां जलापूर्ति में समस्या है, वहां तत्काल टीम भेजकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में समय पर और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top