खेरोन में भाकपा माले की ग्राम सभा, महेंद्र सिंह शहादत दिवस को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

Advertisements

खेरोन में भाकपा माले की ग्राम सभा, महेंद्र सिंह शहादत दिवस को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

डीजे न्यूज, सरिया(गिरिडीह) : सरिया प्रखंड क्षेत्र के बागोडीह पंचायत अंतर्गत खेरोन गाँव में रविवार को भाकपा माले की ओर से ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में 16 जनवरी को शहीद महेंद्र सिंह के शहादत दिवस को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान शहादत दिवस की तैयारी, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा जनभागीदारी को लेकर उपस्थित लोगों ने अपने-अपने विचार रखे।

ग्राम सभा को संबोधित करते हुए बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर मनरेगा मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम और स्वरूप बदलकर मजदूरों से जुड़े सवालों को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है तथा लगातार मजदूर विरोधी कानून लाए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में देश के जल, जंगल और जमीन पर भी गहरा संकट खड़ा हो गया है। अरावली जैसे पहाड़ों को अदानी-अंबानी जैसे कॉरपोरेट घरानों को सौंपा जा रहा है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। विनोद कुमार सिंह ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को बकाया राशि नहीं दिए जाने के कारण पंचायतों को विकास योजनाओं के लिए धन नहीं मिल पा रहा है, जिससे पंचायत स्तर पर विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।

उन्होंने झारखंड सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि मंईया सम्मान योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना जैसी योजनाएं जमीनी स्तर पर विफल साबित हो रही हैं। इन तमाम जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर बड़ी संख्या में लोगों से बगोदर पहुंचने और संघर्ष का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि कॉमरेड महेंद्र सिंह के विचारों और उनकी विरासत को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ग्राम सभा में भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड भोला लाल मंडल, शमीम अंसारी, जाकिर हुसैन, खुर्शीद अंसारी, अमन पाण्डेय, राहुल राज मंडल, सगीर हुसैन समेत कई अन्य साथी मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top