केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्र आंदोलन की ऐतिहासिक जीत : राणा चट्टराज
डीजे न्यूज, धनबाद: नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर लंबे समय से दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन ने आज एक महत्वपूर्ण जीत हासिल की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का स्पष्ट संकेत है कि लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण जनआंदोलन की ताकत के आगे सत्ता को भी झुकना पड़ता है। उक्त बातें भाकपा माले के जिला सदस्य राणा चट्टराज ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल छात्रों की नहीं, बल्कि देश के उन करोड़ों युवाओं की जीत है जो शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग कर रहे थे। छात्रों ने लगातार यह आवाज उठाई कि परीक्षा प्रणाली को भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अनियमितताओं से मुक्त किया जाए तथा मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो,यह आंदोलन इस बात का प्रमाण है कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दमन, धमकी या प्रशासनिक दबाव से दबाया नहीं जा सकता। जब युवा अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए संगठित होकर संघर्ष करते हैं, तो बदलाव अवश्य आता है,अब आवश्यकता है कि केंद्र सरकार केवल इस्तीफे तक सीमित न रहे, बल्कि नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करे। साथ ही देश की परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और सुरक्षित बनाया जाए ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के सपनों के साथ अन्याय न हो। उन्होंने संघर्षरत छात्रों को उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े हर मुद्दे पर लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी मजबूती के साथ जारी रहेगा।