
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी गुरुवार को धनबाद में गिनाएंगी मोदी सरकार की उपलब्धियां
महानगर भाजपा के पौधारोपण, मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर लगने वाली प्रदर्शनी में होंगी शामिल
डीजे न्यूज, धनबाद : भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर के द्वारा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को धनबाद शहर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री और पूर्व मंत्री
गुरुवार को धनबाद शहर के सिटी सेंटर चौक स्थित भाजपा के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मारक स्थल पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं झारखंड के पूर्व मंत्री भानू प्रताप शाही शामिल होंगे। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन
शहीद रणधीर वर्मा चौक पर मोदी सरकार के 11 वर्ष की उपलब्धियों को लेकर प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए खुली रहेगी और इसमें मोदी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
प्रोफेशनल मीट में शामिल होंगी केंद्रीय मंत्री
इसी दिन जोड़ाफाटक रोड स्थित इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स भवन में प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर अन्नपूर्णा देवी शामिल होंगी। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स के साथ चर्चा की जाएगी और मोदी सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रमों में शामिल होंगे जनप्रतिनिधि
इन सभी कार्यक्रमों में धनबाद के सभी जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे। महानगर अध्यक्ष श्रवण राय एवं जिला मंत्री सह मीडिया संपर्क प्रमुख पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित ने इस आयोजन की जानकारी दी है।