





कंटेनर पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरा, चालक-खलासी बाल-बाल बचे

बगोदर के अटका बीस माइल में बड़ा हादसा टला
डीजे न्यूज, बगोदर(गिरिडीह) : बगोदर थाना क्षेत्र के अटका बीस माइल के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। धनबाद से बरही की ओर जा रहा एक कंटेनर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा, हालांकि चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तब हुआ जब कंटेनर पुल पर पहुंचा और अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सीधा नदी में जा गिरा। सौभाग्य से किसी की जान नहीं गई, लेकिन कंटेनर को भारी क्षति पहुँची है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अटका बीस माइल के इस हिस्से में अक्सर हादसे होते रहते हैं, क्योंकि यहां 6 लेन सड़क अचानक समाप्त होकर 4 लेन में बदल जाती है। सड़क का यह संकरा मोड़ और ठीक उसी स्थान पर स्थित पुल ड्राइवरों के लिए खतरे का सबब बन गया है। जानकारी के मुताबिक, 6 लेन चौड़ीकरण परियोजना के दौरान मुआवजा विवाद के चलते अटका क्षेत्र में काम रुक गया था। परिणामस्वरूप, अटका के पहले और बाद के हिस्सों में तो 6 लेन सड़क बन गई, लेकिन बीच का हिस्सा अधूरा रह गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ और पुल की तकनीकी सुधार या विस्तार कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।




