कृषि और वनोपज को मिलेगा नया बाजार, सहकारिता मॉडल से बढ़ेगी किसानों की आय : उपायुक्त

कृषि और वनोपज को मिलेगा नया बाजार, सहकारिता मॉडल से बढ़ेगी किसानों की आय : उपायुक्त

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड, गिरिडीह की वार्षिक आम सभा शुक्रवार को नगर भवन में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों और वनोपज संग्रहकर्ताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कृषि एवं वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में उत्पादित धान, गेहूं, मड़ुआ, कोदो, महुआ, करंज, हर्रा, बहेड़ा, आंवला, चिरौंजी, लाख और रेशम सहित अन्य कृषि एवं वनोपज के संग्रहण, भंडारण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन की सुदृढ़ व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सके और किसानों की आय में वृद्धि हो।

बैठक में संघ के अंकेक्षण प्रतिवेदन, वार्षिक बजट, व्यय अनुमोदन, कर्मचारियों की सेवा शर्तों, बैंकिंग व्यवस्था तथा आय के नए स्रोत विकसित करने सहित विभिन्न प्रस्तावों पर आवश्यक निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन सुनिश्चित करने के साथ अंकेक्षण संबंधी आपत्तियों का समयबद्ध निष्पादन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सहकारी समितियों की क्षमता वृद्धि, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आधुनिक विपणन व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्थानीय बाजार के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्पादों की पहचान बनाई जाए।

बैठक के अंत में सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सहकारिता आधारित विकास मॉडल को आगे बढ़ाने और किसानों व वनोपज संग्रहकर्ताओं की आय बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top