
जिला प्रशासन ने दी बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, धनबाद : संविधान निर्माता, भारत रत्न, बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सोमवार को अंबेडकर चौक (डीआरएम चौक) पर जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक सहित अन्य पदाधिकारियों ने बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बाबा साहेब संविधान निर्माण करने और उनकी प्रकांड विद्वता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने, भयमुक्त बनने व विवेकशील और शिक्षा ग्रहण कर ज्ञानी बनने की प्रेरणा दी। आज उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के दिन है। वहीं उप विकास आयुक्त ने कहा कि बाबा साहेब ने अपना जीवन समाज के पिछड़े वर्गों, दलितों और गरीबों के उत्थान के लिए न्योछावर कर दिया। वे एक प्रख्यात अर्थशास्त्री और कानूनविद थे। उन्होंने सिर्फ सामाजिक न्याय व सामाजिक असमानता के खिलाफ ही लड़ाई नहीं लड़ी बल्कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण, महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने, मौलिक दायित्व की भी बात की। अपने प्रगतिशील विचारों के चलते वे आज करोड़ों भारतीयों के प्रेरणास्त्रोत हैं। मौके पर सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, नेशनल फेडरेशन ऑफ अम्बेडकर मिशन, धनबाद, के अध्यक्ष शशि भूषण कुमार, नगर निगम के चीफ इंजीनियर अनूप कुमार सामंता, सिटी मैनेजर विशाल कुमार, सुपरवाइजर चिंटू कुमार, डीआरडीए के मनिष कुमार सहित बड़ी संख्या में लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।